संभल में झोलाछाप के इलाज से 3 साल के बच्चे की मौत, परिजनों का हंगामा

संभल/सौंधन: कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव करनपुर कायस्थ में एक तीन वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर कथित झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

मृतक बालक के पिता संजय यादव के अनुसार उनके बेटे मोहित को हल्का बुखार था, जिसके चलते वे उसे इलाज के लिए सौंधन स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। आरोप है कि बिना किसी जांच के चिकित्सक ने बच्चे को दो इंजेक्शन लगा दिए, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिजन तुरंत बच्चे को बेहतर उपचार के लिए संभल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी ने भी मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि गलत इलाज के कारण ही उनके इकलौते बेटे की जान गई है। हालांकि देर रात तक पीड़ित पक्ष की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी गई थी।