प्रा० वि० कैथल प्रथम में विदाई समारोह आयोजित, 31 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षिका को दी गई विदाई

संभल/बनियाखेड़ा: प्राथमिक विद्यालय कैथल प्रथम में आज एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां 31 वर्षों की लंबी, समर्पित और प्रेरणादायी सेवा देने के बाद सेवानिवृत हो रही प्रधानाध्यापिका इमराना मलिक को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, स्टाफ और छात्रों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावनात्मक शब्दों में आभार व्यक्त किया।

समारोह के दौरान विद्यालय के स० अ० वरुण कुमार शर्मा ने कहा – “मैडम के साथ हमारे 10 वर्षों का कार्यकाल कैसे बीत गया पता ही नहीं चला और उन्होंने अपने कार्यकाल में न केवल शिक्षा का प्रसार किया, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की दिशा प्रदान की। उनकी कार्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और मजबूत नेतृत्व क्षमता के चलते विद्यालय ने निरंतर प्रगति की ओर नई ऊंचाइयों को छुआ।”

इसके अतिरिक्त स० अ० वरुण कुमार शर्मा ने यह भी कहा के इमराना मैडम के चरित्र में अनुशासन साफ़ झलकता है। उन्होंने बताया कि मैडम सदैव विद्यालय समय से पहले आ जाया करती थीं और हम सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को विद्यालय खुला मिलता था और वह ही सबसे बाद में विद्यालय बंद करके जाया करती थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया।

विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने बताया कि उन्होंने हमेशा एक अभिभावक की तरह अपने स्टाफ का मार्गदर्शन किया और हर परिस्थिति में सहयोग प्रदान किया। उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार और प्रेरणादायी व्यक्तित्व ने सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया।

विदाई के इस अवसर पर सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति उनके कार्यों का अंत नहीं, बल्कि एक नए प्रेरणादायक अध्याय की शुरुआत है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

समारोह में उपस्थित लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इमराना मलिक के सरल स्वभाव और कार्यशैली की प्रशंसा की। इस अवसर पर समस्त स्टाफ एवं अन्य अतिथियों की ओर से उन्हें फूलों की माला पहनाकर व उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संध्या गुप्ता (ई० अ०), वरुण कुमार शर्मा (स० अ०), प्रशांत कुमार (स० अ०), पूनम राजपूत (शिक्षा मित्र), न्याय पंचायत कैथल के अन्य विद्यालयों से आए शिक्षक उपस्थित रहे तथा सभी ने कार्यक्रम के अंत में भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य और स्वास्थ की कामना की।

 

[Uttar Pradesh, Uttar Pradesh News, Sambhal, Sambhal News, Basic Education]