चंदौसी (संभल): बबराला क्षेत्र में महिला से सोने के आभूषण ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 20,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को इंदिरा चौक निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मां को चंदौसी रोड पर बातों में उलझाकर कुछ लोगों ने उनके कानों के कुंडल और गले की सोने की चेन उतरवा ली और फरार हो गए।घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नूरपुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं को बहलाकर उनके आभूषण उतरवा लेता था। घटना के दिन भी उन्होंने एक महिला को झांसे में लेकर उसके जेवर पर्स में रखवाए और फिर मौका पाकर पर्स लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चोरी किए गए जेवर बेच दिए थे और आपस में रकम बांट ली थी। गिरफ्तार आरोपी के हिस्से में आए 20,400 रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह द्वारा महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जाता था। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

