मुरादाबाद। यूपी पुलिस को शुक्रवार को 34 नए डिप्टी एसपी मिल गए हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस एकेडमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में डीजी पुलिस ट्रेनिंग तिलोत्तमा वर्मा ने परेड की सलामी ली, जबकि एडीजी राजीव सब्बरवाल ने नव प्रशिक्षित अधिकारियों को शपथ दिलाई। ये सभी नव नियुक्त अधिकारी आगामी 7 जून को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करेंगे।

2023 बैच के कुल 36 चयनित अधिकारियों को मुरादाबाद की पुलिस एकेडमी में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। इनमें से 34 ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया, जबकि 2 अधिकारी व्यक्तिगत कारणों से कोर्स पूर्ण नहीं कर सके। इन अधिकारियों को एक वर्ष और 25 दिन का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें साइबर अपराध, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग की विभिन्न शाखाओं में गहन अभ्यास कराया गया।

पास आउट होने वाले अधिकारियों में 9 महिलाएं और 25 पुरुष शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नई दिल्ली के गौरव उपाध्याय को सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट चुना गया। वहीं, महाराजगंज की आकांक्षा गौतम इनडोर टॉपर्स में रहीं और गाजियाबाद के अवनीश कुमार सिंह आउटडोर टॉपर घोषित किए गए।

डीजी तिलोत्तमा वर्मा ने कहा कि यह यूपी पुलिस के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने सभी सफल कैडेट्स को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके परिवारों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा अधिकारी जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।

परेड समारोह में कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे, जिनमें डीआईजी मुनिराज जी, एसएसपी सतपाल अंतिल, भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह और पद्मश्री दिलशाद हुसैन प्रमुख रहे।



