अस्पताल संचालक से मारपीट का आरोप, भाजपा नेता समेत छह पर केस दर्ज

मुरादाबाद। जिले में एक निजी अस्पताल संचालक ने भाजपा नेता समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कटघर के गोविंद नगर निवासी एवं निजी अस्पताल संचालक लक्ष्मण सिंह ने मझोला थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने जिला अस्पताल में हो रही अनियमितताओं की शिकायत मुरादाबाद से लेकर लखनऊ तक की थी। उनका दावा है कि इसी वजह से उनके पाकबड़ा स्थित आयुष्मान अस्पताल को सील कर दिया गया था।

पीड़ित के अनुसार, 8 मार्च 2026 को खुशहालपुर निवासी ओमवीर ने उनसे संपर्क किया और कहा कि उसकी स्वास्थ्य विभाग में अच्छी पकड़ है और वह अस्पताल का मामला सुलझा देगा। इसके बाद वह ओमवीर के साथ कार में बैठकर चला गया।

कार में पहले से ही बुद्धि विहार निवासी सुमित ठाकुर, जिला अस्पताल के पास रहने वाला अक्षय, पाकबड़ा के गिन्नौर दी माफी निवासी अर्पित, कुंदरकी के शेखूपुर निवासी ओमकार और दो अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी लोग उसे दिल्ली-बरेली हाईवे पर ले गए।

लक्ष्मण सिंह का आरोप है कि रास्ते में सुमित ठाकुर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और कमर में लात मारकर घायल कर दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी पिटाई की और उसे थाने के पास फेंककर फरार हो गए। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग भी की।

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।