संभल: गुन्नौर में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें, अधिवक्ताओं ने उठाईं तहसील की समस्याएं

संभल। तहसील गुन्नौर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इस दौरान राजस्व विभाग की 44, पुलिस विभाग की 17, पूर्ति विभाग की 9, पंचायत विभाग की 8, बैंक विभाग की 3, ग्रामीण विकास विभाग की 3 तथा विद्युत और नगर पंचायत विभाग की एक-एक शिकायत दर्ज की गई। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़ी चार शिकायतें भी आईं।

डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान सीएमओ डॉ. तरुण पाठक, एसडीएम अवधेश कुमार, सीओ आलोक सिद्धू, तहसीलदार रविंद्र विक्रम सिंह और विशांत मलिक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

चंदौसी में अधिवक्ताओं ने रखीं समस्याएं

वहीं चंदौसी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम आशुतोष तिवारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधीनस्थों को निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए।

इस दौरान तहसील बार एसोसिएशन ने एक ज्ञापन सौंपकर तहसील से जुड़ी समस्याओं को उठाया। अधिवक्ताओं ने कहा कि कई सरकारी कार्यों में अनियमितता और विलंब के कारण फरियादियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन दाखिल-खारिज मामलों में भी समय से कार्रवाई नहीं की जा रही है। लेखपालों द्वारा रिपोर्ट समय पर अपलोड नहीं की जाती, जिससे आवेदकों को इधर-उधर भटकना पड़ता है।

इसके अलावा, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के कार्यालय में नियमित रूप से उपलब्ध न होने से कई कार्य लंबित हैं। रिकॉर्ड रूम बहजोई में दस्तावेजों की अपूर्णता के कारण नकलें जारी नहीं हो पा रहीं, वहीं न्यायालयों में बहस के महीनों बाद भी आदेश नहीं दिए जा रहे।

ज्ञापन सौंपने वालों में बार अध्यक्ष कल्याण सिंह तोमर, महामंत्री दिलीप कुमार, तथा अन्य अधिवक्ता गण मौजूद रहे।