संभल: जिले के चंदौसी रोड स्थित ग्राम मोहम्मदपुर टांडा में साई डेंटल क्लीनिक का मामला एक बार फिर चर्चा में है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुछ महीनों पहले बिना रजिस्ट्रेशन के संचालन के आरोप में सील किया गया यह क्लीनिक अब अवैध तरीके से दोबारा चालू हो गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्लीनिक संचालक अभिषेक ने सील की गई दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर बगल वाली दुकान में अपना सामान शिफ्ट कर लिया और मरीजों का इलाज फिर से शुरू कर दिया। यह पूरा घटनाक्रम पुलिस चौकी के पास का है, जिससे लोगों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब यह क्लीनिक पहले से ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध घोषित कर सील किया गया था, तो उसके दोबारा शुरू होने की अनुमति कैसे दी गई? लोगों का आरोप है कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ढिलाई के चलते ऐसे फर्जी चिकित्सालय दोबारा सक्रिय हो रहे हैं, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा खतरे में है।
अप्रैल 2025 में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहम्मदपुर टांडा क्षेत्र में कई अवैध क्लीनिकों पर अभियान चलाया था। इस दौरान अभिषेक के साई डेंटल क्लीनिक समेत कई स्थानों को सील किया गया था। जांच में पाया गया था कि इन क्लीनिकों में न तो वैध रजिस्ट्रेशन था और न ही योग्य डॉक्टर मौजूद थे। अब, सील तोड़कर दोबारा शुरू किए गए इस क्लीनिक ने प्रशासन की कार्यवाही की पारदर्शिता और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए, और सील तोड़कर अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक को फिर से बंद कर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

