लखनऊ: शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के शिक्षकों को एक बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब उत्तर प्रदेश के सभी शिक्षकों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम से लगभग 9 लाख परिवार सीधे लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस सुविधा का लाभ प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, सहायता प्राप्त विद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों को मिलेगा। इतना ही नहीं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी इस योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
सभी शिक्षकों को चाहे वह प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, सहायता प्राप्त विद्यालयों और महाविद्यालयों के हों… इन सभी को हम कैशलेस उपचार की व्यवस्था का लाभ देंगे।
साथ ही, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइया को भी हम इसके साथ जोड़ेंगे। प्रदेश के लगभग 09 लाख शिक्षक यानि 09 लाख परिवार… pic.twitter.com/ErO81ShsbS
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 5, 2025
शिक्षकों का सम्मान और योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने बेसिक शिक्षा विभाग के 66 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकों को सम्मानित किया। इसके साथ ही प्रदेश के 2,204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किए गए।
सीएम ने कहा कि कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से शिक्षक और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों की स्थिति में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। इसके लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है।
‘ऑपरेशन कायाकल्प’ से बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के 1.36 लाख विद्यालयों में 19 मूलभूत सुविधाएं स्थापित की गई हैं। अब स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए अलग टॉयलेट, स्वच्छ पेयजल, बेहतर फर्श, फर्नीचर, डिजिटल क्लासरूम और स्मार्ट लाइब्रेरी जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं।
सीएम योगी ने कहा, “कभी उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज यही प्रदेश भारत की विकास यात्रा का ग्रोथ इंजन बन गया है।”

