मुरादाबाद: मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी के घर के सामने बनी निर्माणाधीन दुकानों को सील कर दिया। एमडीए का कहना है कि दुकानों का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कर ली गई।
प्राधिकरण की टीम ने ईदगाह रोड, भूड़े का चौराहा स्थित दुकानों पर नोटिस चस्पा किया। नोटिस में उल्लेख था कि करीब 100 वर्गमीटर भूमि पर बेसमेंट, भूतल और प्रथम तल तक अवैध निर्माण किया गया है। दुकानों का नक्शा एमडीए से पास नहीं कराया गया था। 10 अक्टूबर 2024 को नोटिस जारी किया गया था, बावजूद इसके अवैध निर्माण जारी रहा।
पूर्व विधायक का आरोप
पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने एमडीए पर उनके नाम का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सील की गई संपत्ति उनकी नहीं है और वह इस मामले में एमडीए के खिलाफ अदालत में मानहानि का दावा करेंगे।
गागन नदी किनारे अवैध फैक्टरी ध्वस्त
एमडीए की टीम ने गागन नदी किनारे मझोला क्षेत्र में मोहम्मद शकील द्वारा बनाई गई फैक्टरी को भी जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि शकील ने नदी के हिस्से पर कब्जा कर करीब 200 गज में अवैध निर्माण किया था।
पाकबड़ा व कैलसा रोड पर कार्रवाई
प्रवर्तन दल ने पाकबड़ा क्षेत्र और कैलसा रोड पर बनी आधा दर्जन दुकानों को भी सील किया। ये दुकानें बागड़पुर गांव निवासी समरपाल सिंह ने बिना नक्शा स्वीकृति के बनवाई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार खेती की जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
एमडीए सचिव अंजूलता ने कहा कि सभी कार्रवाई विधि सम्मत की गई है और भविष्य में भी बिना नक्शा स्वीकृति के बने निर्माण पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

