मुरादाबाद में नवजात की माैत मामले में हेल्थ केयर सेंटर की संचालिका सलमा नासिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। कटघर थाना क्षेत्र के करूला में सलमा नासिर के हेल्थ केयर पर सीएमओ की टीम तीन बार सील लगा चुकी थी। इसके बाद भी यह अपंजीकृत नर्सिंग होम चलता मिला।
मझोला पुलिस ने जयंतीपुर निवासी हेल्थ केयर सेंटर की संचालिका सलमा नासिर को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि संचालिका की वजह से एक बच्चे की मौत हो गई। मझोला पुलिस ने 25 अप्रैल को कोर्ट के आदेश पर अर्चना सिंह, हेल्थ केयर सेंटर की सलमा नासिर, मेडविन मल्टीस्पेशियलिटी के डॉ. पवन सैनी और डॉ. इकराम के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया था।
मुरादाबाद पुलिस ने नवजात की मौत के मामले में अवैध हेल्थ केयर सेंटर की संचालिका सलमा नासिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान लापरवाही बरतने से एक बच्चे की जान चली गई।
मामला कैसे शुरू हुआ
कटघर थाना क्षेत्र के मछरिया निवासी शिवकुमार ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसकी गर्भवती पत्नी सोनी ठाकुर की डिलीवरी जयंतीपुर स्थित सलमा नासिर के हेल्थ केयर सेंटर पर कराई गई थी। 17 नवंबर 2024 को प्रसव पीड़ा होने पर शिवकुमार अपनी पत्नी को वहां भर्ती कराता है।
परिजनों का आरोप है कि सलमा ने डिलीवरी के दौरान प्रेशर पंप का इस्तेमाल कर बच्चे को खींचने की कोशिश की, जिससे नवजात गंभीर रूप से बीमार हो गया। इलाज के लिए उसे कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन 19 नवंबर 2024 को बच्चे की मौत हो गई।
गैरइरादतन हत्या का मुकदमा
शिकायत पर मझोला पुलिस ने सलमा नासिर, अर्चना सिंह, डॉ. पवन सैनी और डॉ. इकराम के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया। रविवार को पुलिस टीम ने सलमा नासिर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सील तोड़कर चलाती रही नर्सिंग होम
सीएमओ की टीम तीन बार सलमा नासिर के नर्सिंग होम को सील कर चुकी थी। बावजूद इसके वह बार-बार सील तोड़कर अस्पताल चलाती रही। हाल ही में डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल की टीम ने छापा मारकर अस्पताल को दोबारा सील किया और कोर्ट में परिवाद दायर करने की तैयारी की जा रही है।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि अस्पताल बिना पंजीकरण और योग्य डॉक्टरों के चलाया जा रहा था। यहां पर अवैध रूप से ऑपरेशन और डिलीवरी कराई जाती थीं। छापे के दौरान दो महिलाएं भर्ती भी मिलीं, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।

