संभल। सांसद जियाउर्रहमान बर्क के आवास से महज़ कुछ कदम की दूरी पर स्थित बल्ले की पुलिया मोहल्ले में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे परेशान स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
दीपा सराय क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि मोहल्ले में जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। खासकर आजाद इंटर कॉलेज के पास स्थित नाले की सफाई न होने के कारण वह बंद पड़ा है। नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाता है, जिससे इलाके में हर समय लगभग एक फीट तक पानी जमा रहता है। स्थिति यह है कि बिना बारिश के भी जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) से गुहार लगाई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज़ लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शन में अनवर हुसैन, मास्टर मुगीश, मोहम्मद शमीम, हाफिज कल्लू, मोहम्मद हबीब और कमर हुसैन समेत कई स्थानीय निवासी शामिल रहे।
प्रशासन का पक्ष:
इस संबंध में ईओ मणिभूषण तिवारी ने कहा कि “आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास सीवर लाइन है, जहां पानी की निकासी की गति धीमी है। बरसात से पहले इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।”

