संभल: जिले के ग्राम मखदूमपुर में जमीन विवाद का मामला सामने आया है, जहां पट्टेदारों ने अपनी ही जमीन पर जबरन कब्जा और अतिक्रमण का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जमीन पर काबिज हैं, लेकिन अब उन्हें वहां खेती करने से रोका जा रहा है।
संभल के मखदूमपुर में जमीन विवाद बढ़ा। पट्टेदारों ने अतिक्रमण और पुलिस सहयोग न मिलने का आरोप लगाया, एसपी से की शिकायत।
दरअसल पट्टेदार रामचंद्र, वाली अहमद, लाल सिंह सहित अन्य लोगों के अनुसार गाटा संख्या 160 (ग्राम मखदूमपुर) उनकी जमीन है। आरोप है कि 27 अप्रैल को कुछ लोगों ने खेत की मेंढ़ तोड़कर जमीन पर जोताई कर दी।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि आरोप है कि थाना हजरत नगर गढ़ी पुलिस ने उनकी मदद करने के बजाय उन्हें ही खेत के पास जाने से रोक दिया और जेल भेजने की चेतावनी दी।
पट्टेदारों का दावा है कि उन्होंने अपने जमीन के कागजात और कोर्ट से स्टे खारिज होने का आदेश भी दिखाया, लेकिन पुलिस ने उन्हें देखने से इनकार कर दिया।
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों पर अतिक्रमण का आरोप है, उनका पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिससे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
इस मामले में पट्टेदारों ने एसपी संभल को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी वैध जमीन पर खेती करने से रोका जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ अतिक्रमण जारी है। प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
नोट: यह खबर पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के आधार पर तैयार की गई है। पुलिस का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

