मुरादाबाद: नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली में तेज़ी लाई, बकायेदारों को 12% ब्याज के साथ भेजे जा रहे बिल

मुरादाबाद। नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली अभियान को लेकर कमर कस ली है। करीब 2.10 लाख करदाताओं को टैक्स बिल भेजे जा रहे हैं। इस बार निगम ने ₹100 करोड़ की वसूली का लक्ष्य तय किया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक है।

2024-25 में निगम ने ₹85.37 करोड़ टैक्स जमा कर नया रिकॉर्ड बनाया था। इस वर्ष, जो करदाता पिछली बार टैक्स जमा नहीं कर पाए, उन्हें 12% ब्याज जोड़कर बिल भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बकायेदारों की सूची अपडेट कर उन्हें नोटिस भी भेजे जा रहे हैं, और इस बार भी कड़ी कार्रवाई तय है।

पिछले साल की तरह, टॉप-25 बकायेदारों के नाम शहर के प्रमुख चौराहों पर एलईडी स्क्रीन पर सार्वजनिक किए जाएंगे। कर अधिकारी ने बताया कि टैक्स न चुकाने पर सीलिंग, कुर्की और विधिक कार्रवाई जैसे सख्त कदम उठाए जाएंगे।

अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने बताया कि हाउस टैक्स और वाटर टैक्स के बिल हर उपभोक्ता को भेजे जा रहे हैं। पहली छमाही में 60% टैक्स वसूली का लक्ष्य है, और शुरुआत से ही सख्ती बरती जा रही है।

शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने टाउनहॉल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। दुकानदारों को पहले चेतावनी दी गई, लेकिन पालन न करने पर सामान जब्त कर लिया गया। माफीनामा और भविष्य में अतिक्रमण न करने की शपथ के बाद सामान लौटाया गया। टीम ने दिल्ली और कांठ रोड पर भी अंतिम चेतावनी जारी की। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के प्रभारी अविनाश गौतम, नईम हैदर, राकेश आदि अधिकारी मौजूद रहे।