मुरादाबाद-लखनऊ फ्लाइट सेवा को 15 जुलाई तक रद्द कर दिया गया है। कोहरे और लखनऊ एयरपोर्ट रनवे विस्तार के कारण नवंबर से उड़ानें ठप हैं। फ्लाई बिग कंपनी के पास सीमित विमान होने से अन्य शहरों की सेवाएं भी शुरू नहीं हो पाईं।
मुरादाबाद से राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के सभी बड़े शहरों की हवाई कनेक्टिविटी का सपना इस साल हवा में ही रहेगा। 15 मार्च तक कोहरे के कारण पहले ही मुरादाबाद से लखनऊ की फ्लाइट निरस्त है। अब लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार के कारण 15 जुलाई तक मुरादाबाद से हवाई जहाज नहीं उड़ पाएगा।

अगस्त में शुरू हुई हवाई सेवा नवंबर से बंद है। एक तरफ फ्लाई बिग कंपनी मुरादाबाद के लोगों को लखनऊ के अलावा, भटिंडा, गाजियाबाद, कानपुर, देहरादून की फ्लाइट के सपने दिखा चुकी हैै। दूसरी ओर लखनऊ की फ्लाइट के लिए ही अब चार माह और इंतजार करना पड़ेगा। मूंढापांडे के भदासना स्थित एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को वर्चुअल माध्यम से किया था।
उड़ान शुरू होने में पांच महीने लग गए और अगस्त 2024 में पहली बार लखनऊ के लिए फ्लाइट गई। तब से अब तक 45 फ्लाइट ही संचालित हो पाई हैं। शुरुआत में सप्ताह में तीन दिन फ्लाइट संचालित हुई। इसके बाद बढ़ाकर छह दिन किया गया। अंत में विमान न होने के कारण इसे घटाकर तीन दिन ही कर दिया।



