संभल: जिले के फूलसिंघा और मोहम्मदपुर मालिनी बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित एक कथित झोलाछाप हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल संचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मृतका की पहचान जास्मीन पत्नी शेर मोहम्मद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जास्मीन को प्रसव के लिए क्षेत्र में संचालित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन समय पर उचित उपचार और सुविधाएं न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि जास्मीन का मायका मंगनपुर में है, जबकि उनकी शादी बदायूं जिले के इस्लामनगर क्षेत्र में हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना पर्याप्त सुविधाओं और मान्यता के कई निजी क्लीनिक और हॉस्पिटल संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि संबंधित हॉस्पिटल को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे अवैध हॉस्पिटलों पर कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

