मुरादाबाद – जिले में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की खुलेआम बिक्री ने आमजन की सेहत को गंभीर खतरे में डाल दिया है। सर्वहित कल्याण मोर्चा संगठन की ओर से इस गंभीर स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शिकायत पत्र भेजा गया है। ज्ञापन में खाद्य विभाग की निष्क्रियता और बाजारों में हो रहे खाद्य मिलावट के कारोबार पर तुरंत कठोर कार्यवाही की मांग की गई है।
संगठन के अनुसार, जिले में खुले में सिंथेटिक दूध, नकली पनीर, मिलावटी तेल और जहरीले रंगों से बनी मिठाइयां धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। पकौड़ियां जहरीले तेल में तली जा रही हैं, जबकि आइसक्रीम और केक जैसे उत्पाद खतरनाक केमिकल और नकली क्रीम से बनाए जा रहे हैं। खाद्य निरीक्षण की कोई व्यवस्था न होने के कारण बासी सब्जियां, खुले मसाले और गंदे होटलों का कारोबार भी बेहिचक फल-फूल रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से कैंसर, लीवर डैमेज, किडनी फेलियर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फूड डिपार्टमेंट पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है और स्वास्थ्य सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है।
सर्वहित कल्याण मोर्चा ने मांग की है कि जिले में चल रहे खाद्य व्यापार पर सख्त निगरानी रखी जाए, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

