मुरादाबाद। मिलक मैनाठेर में युवती सायरा की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रफी ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी के मुताबिक, सायरा ने ही उसे मक्के के खेत में मिलने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई और सायरा ने थप्पड़ मार दिया, जिससे गुस्से में आकर रफी ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम से लापता सायरा का शव रविवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर मक्के के खेत में खून से लथपथ हालत में मिला। आरोपी ने पहले दुपट्टे से गला दबाकर युवती को बेहोश किया, फिर लोहे के पेचकस से उसकी गर्दन, पेट और प्राइवेट पार्ट पर 45 बार वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से सायरा का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद कर लिया है।
मृतका की मां शफीना की शिकायत पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उजागर की निर्ममता
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सायरा के शरीर पर 40 से 45 बार धारदार हथियार से वार किए गए थे। उसकी मौत अत्यधिक रक्तस्राव से हुई। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के अनुसार, सायरा ने हमलावर से जान बचाने के लिए संघर्ष किया था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सायरा के पिता आले हसन का एक साल पहले निधन हो गया था। बड़ा भाई बबलू केरल में नाई का काम करता है। मृतका छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर थी। घटना के बाद मां शफीना का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों में भी घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।

एसएसपी ने किया मौका मुआयना
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच कर रहे अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। परिजनों का कहना है कि अगर शव मिलने में और देर होती, तो जंगली जानवर उसे पूरी तरह क्षत-विक्षत कर देते।

