बिलारी। ओडीएफ प्लस (ODF Plus) योजना के तहत निर्धारित कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने बिलारी ब्लॉक की 15 ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया है। डीपीआरओ ने स्पष्ट किया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बिलारी ब्लॉक में कुल 98 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से वर्ष 2022 में 4, वर्ष 2023 में 43 और वर्ष 2024 में 51 ग्राम पंचायतों का चयन ओडीएफ प्लस योजना के अंतर्गत किया गया है। अगस्त 2024 में चयनित पंचायतों को योजना के तहत आवश्यक धनराशि भी भेजी जा चुकी है।
डीपीआरओ का कहना है कि धनराशि जारी होने के बावजूद ग्राम पंचायतों में योजनानुसार कार्य नहीं हो रहे हैं, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर मुरादाबाद जिले की प्रगति बाधित हो रही है।
जिन ग्राम पंचायतों के सचिवों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें पहाड़पुर, नियामतपुर, अल्लीपुर ज्योंडेरा, रम्पुरा धतरारा, नवैनी गददी, नारायनपुर देवा (सचिव: मनोज कुमार), कमालपुर चंदौरा, पालनपुर (सचिव: नरेंद्र प्रताप सिंह), सैफपुर जगना, अहमदाबाद कसौरा (सचिव: रविंद्र सिंह), सिहारी माला, फतेहपुर नत्था (सचिव: जयपाल सिंह), अहलादपुर करार और जसरथपुर (सचिव: सत्यपाल सिंह) शामिल हैं।

