हापुड़। उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी की कार दिल्ली से बिजनौर जाने के दौरान हापुड़ के पिलखुवा में छिजारसी पुलिस चौकी के पास फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई। मंत्री गुलाब देवी बिजनौर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जा रही थीं। हादसे में उनके माथे में मामूली खरोंच आई है। जबकि उनके ड्राइवर सतवीर के हाथ में चोट है। काफिले में शामिल एस्कॉर्ट समेत दो अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हादसा आगे चल रही कारों के अचानक रुक जाने से हुआ। पुलिस चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
पुलिस के अनुसार बिजनौर जाने के दौरान मंत्री गुलाब देवी का काफिला एनएच-09 से होता हुआ बिजनौर जा रहा था। छिजारसी टोल पार करने के बाद एलिवेटेड फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सेंट्रो कार होने के कारण अचानक काफिला रोका गया, जिससे पीछे चल रहीं करीब चार कारें आपस में भिड़ गईं। गाड़ियों की टक्कर से अफरा-तफारी जैसे हालात बन गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार के चालकों को हिरासत में लिया। जबकि मंत्री व उनके चालक को रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे में मंत्री के माथे पर हल्की खरोंच आई है, जबकि उनके चालक सतवीर के हाथ में चोट लगी है। काफिले की दो अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्हें तत्काल रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को सामान्य बताया और कहा कि दोनों खतरे से बाहर हैं।
डीएम अभिषेक पांडे, एसपी ज्ञानंजय सिंह सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने आगे चल रही कार के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि क्षतिग्रस्त वाहनों को जल्द हटा लिया गया और यातायात सामान्य कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी जी का आज जनपद हापुड़ में एक सड़क दुर्घटना में घायल होने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है।
प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।@gulabdeviup
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 8, 2025
सीएम योगी ने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

