शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लोधीपुर में रविवार को खेत पर गोली लगने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक के बड़े भाई, भतीजे सहित अन्य लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कई लोगों से जान का खतरा बताते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। इस कारण पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, लोधीपुर निवासी राजेश (45) पुत्र स्वराज सिंह रविवार को घर से किसी काम के सिलसिले में निकले थे। परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे उनके पास किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह गांव के ही एक खेत की ओर चले गए। दोपहर करीब 12 बजे परिजनों को सूचना मिली कि राजेश खेत में रक्तरंजित अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस की डायल 112 सेवा को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राजेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजेश के सीने में गोली लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। एसपी अनिल कुमार और एएसपी अनुराग सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ लोधीपुर गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों ने सीएचसी पहुंचकर भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान सीओ शाहबाद देवकीनंदन और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रणवीर सिंह सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
पुराने मुकदमे को लेकर विवाद का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि 22 मई 2026 को राजेश ने अपने भाई के बेटे के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मुकदमा वापस लेने और समझौता करने के लिए राजेश पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि वारदात से एक दिन पहले भी गांव में चार-पांच लोगों ने राजेश को घेर लिया था और उस पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया था। परिजनों ने इसी विवाद को राजेश की मौत से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है।परिजनों ने मृतक के बड़े भाई, भतीजे, पूर्व प्रधान भाई, वर्तमान प्रधान सहित अन्य लोगों पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि राजेश को किसी बहाने से खेत पर बुलाया गया और वहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
जेब से मिला सुसाइड नोट, पुलिस जांच में जुटी
वहीं, पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि इसमें राजेश ने अपने भाई, भतीजे सहित करीब आठ अन्य लोगों से जान का खतरा बताते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी है। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले राजेश से किस-किस व्यक्ति की बातचीत हुई थी और वह खेत तक कैसे पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सुसाइड नोट और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविकता सामने लाई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

