मुरादाबाद मंडल में लगातार हो रही सुनियोजित चोरी की वारदातों की उच्च स्तरीय जांच हेतु अनुरोध।

सर्वहित कल्याण मोर्चा संगठन की ओर से माननीय पुलिस महानिदेशक (DGP),उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय,लखनऊ को प्रार्थना पत्र भेजा गया है कि मुरादाबाद मंडल में लगातार हो रही सुनियोजित चोरी की वारदातों की उच्च स्तरीय जांच हो।
मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थाना क्षेत्रों—जैसे अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर आदि—में हाल ही में चोरी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि देखी गई है। अहमदनगर, कलसर्फ, बजनी, टांडा, डूंगरपुर, डिडौली, राजापुर, स्वार, आदि गांवों में एक साथ चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यह संदेह गहराता जा रहा है कि यह केवल आपराधिक गतिविधियाँ नहीं, बल्कि एक संगठित, खतरनाक और रणनीतिक गिरोह की हरकत है, जिसकी योजना समाज में असुरक्षा और भय का वातावरण पैदा करने की हो सकती है।
कुछ स्थानों पर चोरों द्वारा एक साथ दो-दो कमरों को निशाना बनाया गया, और कई गांवों में रात्रि जागरण के बावजूद वे वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। यह घटनाएं एक बड़े नेटवर्क या किसी छिपे हुए संगठनात्मक प्रयास की ओर संकेत करती हैं, जो प्रदेश की कानून-व्यवस्था को चुनौती देने और सरकार की छवि को नुकसान पहुँचाने की योजना के तहत काम कर रही हैं।
हमारे संगठन की मांगें निम्नलिखित हैं:
1. मुरादाबाद मंडल में हो रही इन घटनाओं की विजिलेंस टीम, एलयू (LU) यूनिट एवं खुफिया एजेंसियों द्वारा संयुक्त जांच कराई जाए।
2. इन घटनाओं के पीछे किसी संगठन या बाहरी नेटवर्क की भूमिका की गहराई से जांच की जाए।
3. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन निगरानी, और नाईट विजन गश्त की व्यवस्था की जाए।
4. इन घटनाओं से प्रभावित गांवों में तत्काल सुरक्षा समिति और जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिसमें हम जैसे संगठनों को भी जिम्मेदारी दी जाए।
5. यह सुनिश्चित किया जाए कि दोषियों को न सिर्फ़ गिरफ़्तार किया जाए, बल्कि यदि कोई राजनीतिक या संगठित साजिश इसके पीछे है तो उसका तत्काल पर्दाफाश किया जाए।
हमारा संगठन सर्वहित कल्याण मोर्चा, सदैव प्रदेश प्रशासन के साथ खड़ा है और हम हर आवश्यक सहयोग देने को तत्पर हैं ताकि उत्तर प्रदेश को अपराधमुक्त और भयमुक्त समाज बनाया जा सके।
उपरोक्त बिंदुओं पर यथाशीघ्र संज्ञान लेकर कठोर और ठोस कदम उठाया जाए।
सादर,मुकम्म्मिल हुसैन राष्ट्रीय अध्यक्ष
सर्वहित कल्याण मोर्चा संगठन