गुजरात: अहमदाबाद से एक बड़ी विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेक ऑफ के कुछ ही समय बाद क्रैश हो गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रहा था। हादसा गुरुवार दोपहर मेघानीनगर क्षेत्र के पास हुआ, जो एयरपोर्ट से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर (दो पायलट समेत) शामिल थे। अहमदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम ने घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि विमान जैसे ही टेक ऑफ हुआ, कुछ ही मिनटों में तकनीकी खराबी के चलते वह मेघानीनगर के पास क्रैश हो गया।
घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। सोशल मीडिया पर इस विमान हादसे के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दुर्घटनास्थल से उठता हुआ घना काला धुआं साफ़ देखा जा सकता है।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पुष्टि करते हुए कहा, “फ्लाइट AI-171 आज 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी और उड़ान के दौरान हादसे का शिकार हो गई। नुकसान का आकलन जारी है। विस्तृत जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की जाएगी।”
सूत्रों के अनुसार, विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय रूपाणी भी सवार थे। राहत और बचाव के लिए NDRF की तीन टीमें गांधीनगर से रवाना की गई हैं, जबकि वडोदरा से भी तीन अतिरिक्त टीमें भेजी जा रही हैं।
अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि विमान में आग लगने के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक हादसे के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मेघानीनगर और धारपुर क्षेत्र के आसपास के लोगों ने भीषण धमाके की आवाज़ सुनी और धुएं का गुबार देखा।

